करीब चार करोड़ रुपए में दुरूस्त होगी कस्बे की मेन सीवरेज लाइन
बवानीखेड़ा।
विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि के प्रयासों से आने वाले कुछ ही समय में कस्बा बवानीखेड़ा में सीवरेज जाम की समस्या दूर हो जाएगी। कस्बे में खेड़ी दौलतपुर रोड़ पर एसटीपी तक जा रही सीवरेज मेन लाईन के करीब 300 मीटर के टुकड़े को दुरूस्त किया जाएगा, जिसका टेंडर अलॉट कर दिया गया है। इस कार्य पर करीब चार करोड़ रुपए खर्च होंगे।
वहीं मानसून के दौरान जलभराव से प्रभावित कस्बे में कमेटी रोड़ पर सीवरेज लाइन में जमा गाद को साफ करने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है, जो कि एक सप्ताह भर मेें पूरा हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मानसून के दौरान कस्बे का विशेष तौर से बाहरी क्षेत्र जलमग्न हो गया था। जलभराव होने से सीवरेज की लाईनों में भारी मात्रा में गाद जमा हो गई थी, जिससे कस्बे में करीब 50 से 60 प्रतिशत लाइन चोक हो गई। सीवरेज लाइन लाइन जाम होने से गंदे पानी की निकासी की समस्या बनी और सीवरेज लाईने ओवरफ्लो होने लगी।
इससे नागरिकों को गंभीर समस्या का सामना करना पड़ा।
पानी निकासी को लेकर विधायक वाल्मीकि हर समय अधिकारियों के साथ पानी के बीच खड़े रहे वहीं दूसरी ओर डीसी साहिल गुप्ता ने भी स्वयं कस्बे का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया था। विधायक और डीसी ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को पानी की निकासी के साथ-साथ सीवरेज लाईनों को भी दुरूस्त करने के निर्देश दिए।
इस पर जनस्वास्थ्य विभाग ने लाईनों को दुरुस्त करने टेंडर लगाया और काम शुरू किया। विभाग द्वारा कस्बे में अधिकांश हिस्सों में सफाई का काम कर दिया गया है।
अब कमेटी रोड़ पर युद्ध स्तर पर का जारी है। यह कार्य सप्ताहभर मेें पूरा हो जाएगा।
विभाग के कार्यकारी अभियंता विकास धनखड़ ने बताया कि कमेटी रोड़ पर करीब 10 से 12 मेनहोल सडक़ के नीचे दबे हुए, जिनके माध्यम से सफाई होनी थी। लोक निर्माण विभाग से मैनहोल को बाहर निकालने की अनुमति ली गई और फिर काम शुरु किया गया है। लाईन में जमा गाद को निकाला जा रहा है, इससे गंदे पानी की निकासी नियमित होगी।
- करीब चार करोड़ रुपए से होगी सीवरेज की मेन लाईन दुरूस्त
कस्बे में खेड़ी दौलतपुर रोड़ पर एसटीपी बना हुआ है, जहां पर लाईन के माध्यम से सीवरेज का पानी जाता है। यह लाईन बिजलीघर के समीप से करीब 300 मीटर तक धंसी हुई है, जिससे गंदे पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। कार्यकारी अभियंता धनखड़ ने बताया कि इस लाइन के टुकड़े को दुरूस्त करने के लिए विभाग ने टेंडर कर कार्य अलॉट कर दिया है।
जल्द ही यह कार्य शुरु होगा। उसके बाद कस्बे में पानी निकासी की समस्या नहीं रहेगी।
कस्बे में नागरिकों के समक्ष सीवरेज जाम या पेयजल की समस्या नहीं बनने दी जाएगी। भारी बारिश के चलते सीवरेज लाईने मिट्टी से जाम हो गई थी, जिसको जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा साफ करवाया जा रहा है। शहर में सीवरेज लाईन को दुरुस्त करने के लिए करोड़ों रूपयों की राशि मंजूर करवाई गई है। आगामी मानसून में कस्बे में पानी निकासी की समस्या नहीं रहेगी।
- कपूर सिंह वाल्मीकि, विधायक बवानीखेड़ा

