हरियाणा के 12 जिलों में तेज गरज के साथ बारिश
हरियाणा में शुक्रवार को करीब 12 जिलों में बारिश हुई। दिल्ली-चंडीगढ़ बेल्ट के पानीपत, सोनीपत यमुनानगर सहित हिसार, गुरुग्राम, भिवानी, फतेहाबाद, झज्जर, रेवाड़ी, फतेहाबाद, सिरसा और महेंद्रगढ़ में सुबह से ही बूंदाबांदी देखने को मिली।
अंबाला में सुबह 11 और पानीपत में सुबह 8 बजे तक अंधेरा छाया रहा, वहीं सिरसा में देर रात ओले भी गिरे। भिवानी में अब तक सबसे ज्यादा 15 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं मेवात और पलवल एरिया में मौसम शुष्क रहा।
मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 7 जिलों कैथल, करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही प्रदेश में 60 किलोमीटर/ घंटे की दर से ठंडी हवाएं चल रही है।
प्रदेश में 25 जनवरी तक बारिश के आसार बने रहेंगे। हालांकि, बादलों की आवाजाही से रात के तापमान में 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिससे रात की ठिठुरन कम होगी, लेकिन दिन के तापमान में गिरावट की स्थिति बनी रहेगी।

