TIT&S Bhiwani Aagaman 26 Freshers Party: टीआईटीएंडएस भिवानी में 'आगमन 26' के साथ नवागत विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, शिक्षक दिवस भी मनाया
टीआईटीएंडएस, भिवानी में ‘आगमन’26’ के साथ नवागत विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, शिक्षक दिवस भी हर्षोल्लास से मनाया गया
भिवानी, 3 सितंबर 2026: द टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्सटाइल एंड साइंसेज (TIT&S), भिवानी के प्रबंधन अध्ययन विभाग द्वारा नवागत विद्यार्थियों के स्वागत के लिए भव्य फ्रेशर्स समारोह ‘आगमन’26’ का आयोजन किया गया। समारोह के पश्चात् शिक्षक दिवस भी उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दोनों कार्यक्रमों में लगभग 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन, संचालन एवं समन्वय में विभाग की विद्यार्थी संस्था पिनैकल सोसाइटी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष डॉ. मोनिका शर्मा द्वारा नवागत विद्यार्थियों के स्वागत के साथ हुआ। उन्होंने वरिष्ठ एवं नवागत विद्यार्थियों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि नवागत विद्यार्थी वरिष्ठों के अनुभवों से सीखें और वरिष्ठ विद्यार्थी उन्हें संस्थान की संस्कृति एवं मूल्यों से परिचित कराएँ।

संस्थान के निदेशक प्रो. बी.के. बेहरा ने विद्यार्थियों को नई शैक्षणिक यात्रा के लिए शुभकामनाएँ देते हुए अनुशासन, लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रगति का संदेश दिया।
‘आगमन’26’ में विद्यार्थियों ने नृत्य, गायन, लघुनाटिका, संवादात्मक खेलों एवं अन्य मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह का विशेष आकर्षण फ्रेशर्स टाइटल समारोह रहा। इसमें आलिशा को मिस फ्रेशर्स, कृष को मिस्टर फ्रेशर्स, जानवी को मिस टैलेंट, वंशज को मिस्टर टैलेंट, भावना को मिस पर्सनैलिटी तथा शुभम को मिस्टर पर्सनैलिटी का खिताब प्रदान किया गया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. अजय शर्मा, डॉ. अंकिता गुप्ता, डॉ. गुंजन, सुश्री उर्शिता, सुश्री नेहा, सुश्री अंजू, सुश्री पूनम एवं सुश्री प्रीति ने प्रमुख भूमिका निभाई।
फ्रेशर्स समारोह के बाद शिक्षक दिवस समारोह का शुभारंभ भावपूर्ण गुरु वंदना के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, खेल गतिविधियों एवं केक काटकर अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम ने गुरु-शिष्य संबंधों की आत्मीयता तथा शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों के महत्व को रेखांकित किया।

इस अवसर पर डॉ. कमल सरदाना, डॉ. सतीश खटक, डॉ. राजीव शर्मा, डॉ. अनिल यादव, डॉ. अखिल, डॉ. रितु, डॉ. सात्विका, डॉ. अर्चना एवं डॉ. मोनिका शर्मा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। पिनैकल सोसाइटी के विद्यार्थियों के सक्रिय सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक भोज का आनंद लिया।
‘आगमन’26’ एवं शिक्षक दिवस का संयुक्त आयोजन नवागत विद्यार्थियों के लिए नई शैक्षणिक यात्रा की उत्साहपूर्ण शुरुआत का अवसर बना। कार्यक्रम ने अनुशासन, नेतृत्व, सामूहिक कार्य, आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं आपसी सौहार्द जैसे मूल्यों को बढ़ावा देते हुए टीआईटीएंडएस के प्रबंधन अध्ययन विभाग की समावेशी एवं मूल्य-केंद्रित शैक्षणिक संस्कृति को प्रदर्शित किया।