भिवानी TIT&S में 12वीं के छात्रों के लिए निःशुल्क समर कोर्स, 4 मई से शुरू
भिवानी के TIT&S संस्थान में 12वीं पास छात्रों के लिए 'फ्यूचर बिजनेस लीडर्स' फ्री समर कोर्स। कम्युनिकेशन स्किल, एआई और स्टार्टअप की मिलेगी ट्रेनिंग। रजिस्ट्रेशन शुरू।
भिवानी
( टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्सटाइल एंड साइंसेज, भिवानी द्वारा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों, विशेष रूप से वाणिज्य एवं कला वर्ग के छात्रों के लिए एक निःशुल्क समर कोर्स का आयोजन किया जाएगा। इस कोर्स का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं भविष्य के करियर के लिए आवश्यक कौशल, आत्मविश्वास तथा व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना होगा, जिससे वे प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में अपनी अलग पहचान बना सकें।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कोर्स समन्वयक डॉ. मोनिका ने बताया कि यह कार्यक्रम “फ्यूचर बिजनेस लीडर्स: 12वीं के बाद – आगे बढ़ें, अलग पहचान बनाएं, सफल बनें” थीम पर आधारित होगा, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को आधुनिक व्यावसायिक एवं प्रबंधन कौशलों से अवगत कराया जाएगा। कोर्स के दौरान संचार कौशल एवं सार्वजनिक भाषण, अंतरवैयक्तिक कौशल एवं टीम निर्माण, उद्यमिता के विभिन्न आयाम जैसे विचार सृजन, बाजार एवं प्रतिस्पर्धी विश्लेषण तथा स्टार्टअप कार्यशाला, वित्तीय विवरणों का विश्लेषण एवं बैलेंस शीट की मूलभूत समझ, तथा मानव-केंद्रित कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से विपणन के नवीन दृष्टिकोण जैसे विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
डॉ. मोनिका ने बताया कि यह कोर्स विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा, क्योंकि इसके माध्यम से वे व्यवसाय, संचार एवं उद्यमिता से जुड़े महत्वपूर्ण कौशल विकसित कर सकेंगे, जो उनके करियर निर्माण में सहायक होंगे। यह समर कोर्स 4 मई 2026 से प्रारंभ होकर दो सप्ताह तक संचालित किया जाएगा, जिसका समय प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक रहेगा। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान परिसर में किया जाएगा तथा इसमें भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
इच्छुक विद्यार्थी पंजीकरण हेतु संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अथवा सीधे संस्थान में उपस्थित होकर अपना नाम दर्ज करवा सकेंगे। संस्थान द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।

