टीआईटी एंड एस, भिवानी में 10 दिवसीय प्रबंधन प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन
 

टीआईटी एंड एस, भिवानी के प्रबंधन विभाग द्वारा आयोजित 10 दिवसीय निःशुल्क समर कैंप संपन्न। विद्यार्थियों को नेतृत्व, एआई और करियर स्किल्स का मिला प्रशिक्षण।

 
एआई टूल्स प्रशिक्षण

भिवानी, 17 जून।

द टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्सटाइल एंड साइंसेज (टीआईटी एंड एस), भिवानी के प्रबंधन अध्ययन विभाग द्वारा आयोजित 10 दिवसीय निःशुल्क समर कैंप “Shaping Leaders after Graduation” का सफलतापूर्वक समापन हुआ। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, वित्तीय साक्षरता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा करियर उन्मुख कौशलों को विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के लगभग 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें प्रबंधन शिक्षा और रोजगार संबंधी आवश्यक कौशलों को समझने का अवसर मिला।

दस दिवसीय शिविर के दौरान प्रतिभागियों को प्रबंधन शिक्षा, वित्तीय प्रबंधन, निवेश जागरूकता, नेतृत्व विकास, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावहारिक उपयोग, कार्य-जीवन संतुलन, तनाव प्रबंधन, रिज्यूमे निर्माण तथा साक्षात्कार कौशल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न केस स्टडी, समूह गतिविधियाँ, क्विज़, प्रायोगिक अभ्यास तथा संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए, जिससे विद्यार्थियों को सीखने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।

विशेष रूप से विद्यार्थियों को एआई टूल्स के उपयोग, वित्तीय निर्णय लेने की प्रक्रिया, निवेश के विभिन्न विकल्पों तथा प्रभावी नेतृत्व के गुणों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही समय प्रबंधन, आत्म-विकास एवं मानसिक संतुलन से संबंधित विषयों पर भी उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

इस प्रशिक्षण शिविर का संचालन प्रबंधन अध्ययन विभाग की प्राध्यापिकाओं डॉ. यशना मार्क्स, डॉ. अंकिता गुप्ता एवं डॉ. उर्शिता बंसल द्वारा किया गया। सभी सत्रों को विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवहारिक एवं सहभागितापूर्ण बनाया गया, जिससे प्रतिभागियों को समग्र सीखने का अवसर प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रबंधन अध्ययन विभागाध्यक्ष Dr. Monika Sharma ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी परिवेश में सफलता के लिए केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, तकनीकी दक्षता, वित्तीय समझ और प्रभावी संचार कौशल भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और स्वयं को समयानुकूल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

संस्थान प्रशासन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रबंधन अध्ययन विभाग की पूरी टीम को बधाई दी तथा आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यावसायिक एवं व्यक्तिगत विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।