भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आध्यात्मिक विरासत की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रतीक है योग: चेयरपर्सन सुनीता दांगी
तोशाम के राजकीय महिला महाविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। चेयरपर्सन सुनीता दांगी ने योग को आधुनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
तोशाम, 21 जून।
चौ. बंसीलाल राजकीय महिला महाविद्यालय तोशाम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान योग साधकों ने सामूहिक रूप से योग किया। मुख्य अतिथि महिला विकास निगम की चेयरपर्सन श्रीमती सुनीता दांगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान एसडीएम संदीप कुमार, नायब तहसीलदार अशोक कुमार और तोशाम के सरपंच राजेश तंवर मौजूद रहे।
महिला विकास निगम की चेयरपर्सन श्रीमती सुनीता दांगी ने लोगों को योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में एक संकल्प के रूप में अंतरराष्ट्रीय पटल पर योग को पहचान दिलाई और आज यह जन आंदोलन बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिलना भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आध्यात्मिक विरासत की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रतीक है। यह केवल एक दिवस की औपचारिकता नहीं, बल्कि मानवता को बेहतर भविष्य देने का वैश्विक अभियान है। प्रधानमंत्री ने योग को जन-जन तक पहुँचाकर उसे आधुनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाया है। आज विश्व के करोड़ों लोग योग को स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति के लिए अपना रहे हैं। चेयरपर्सन श्रीमती दांगी ने कहा कि भारत की प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा ने विश्व को सदैव जीवन जीने की दिशा दी है। इसी परंपरा का अमूल्य उपहार है – योग। आज योग केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि सम्पूर्ण विश्व में स्वस्थ, संतुलित और शांतिपूर्ण जीवन का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, अनियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे समय में योग एक सरल और प्रभावी उपाय बनकर उभरा है। श्रीमती दांगी ने लोगों का आहवान किया कि स्वयं भी योग करें और दूसरों को भी योग के लिए प्रेरित करें।
एसडीएम संदीप कुमार ने मुख्य अतिथि सहित सभी गणमान्य लोगों का कार्यक्रम को सफल बनाने पर आभार जताया।
इस मौके पर एसडीएम ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में आमजन को सहयोग करने का आह्वान किया है ताकि मतदाता सूची को पारदर्शी तरीके से निर्धारित समय में पुनरीक्षण हो सके। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य लोकतंत्र की मजबूती के लिए होता है, जिसमें आमजन के सहयोग की भागीदारी जरूरी है।
आयुष विभाग से प्रदीप भानखड़ ने चेयरपर्सन सुनीता दांगी व एसडीएम को आयुष कीट देकर सम्मानित किया। चेयरपर्सन ने योग सहायक मंदीप, नीलम व सीमा को सम्मानित किया।
इस मौके पर वन राजिक अधिकारी बजरंग तंवर, मार्केट कमेटी सचिव सुदेश श्योराण, महिला एवं बाल विकास विभाग से सुपरवाइजर मनोज सांगवान सहित विभिन्न गणमान्य नागरिक, स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

