International Literacy Day Tosham: तोशाम के सरकारी स्कूल में 'साक्षरता से समृद्धि की ओर' कार्यक्रम आयोजित, 37 शिक्षक सम्मानित
देश तभी आगे बढ़ता है जब उसकी भावी पीढ़ी आगे बढ़ती है: सीजेएम पवन कुमार
कड़ी मेहनत का नहीं है कोई विकल्प: सीजेएम
वीर शहीद ईश्वर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हुआ साक्षरता से समृद्धि की ओर कार्यक्रम का आयोजन
कानूनी जागरूकता में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के 37 शिक्षकों को सीजेएम ने किया सम्मानित
तोशाम, 09 सितंबर। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव व मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पवन कुमार ने कहा है कि किसी भी देश का भविष्य उसकी युवा पीढ़ी पर निर्भर करता है। देश तभी आगे बढ़ता है जब भावी पीढ़ी आगे बढ़ती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं का आहवान किया कि सकारात्मक व ऊंची सोच के साथ आगे बढ़ें, सफलता स्वयं कदमों में होगी। सीजेएम ने कहा कि कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है, सफलता प्राप्त करने में समर्पण, प्रयास और दृढ़ता के महत्व पर बल दें। वे गत मंगलवार को वीर शहीद ईश्वर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर आयोजित कानूनी साक्षरता से समृद्धि की ओर कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इससे पहले विद्यालय पहुंचने पर सीजेएम श्री पवन कुमार, अतिरिक्त सिविल जज सीनियर डिवीजन सुनील कुमार व जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू हुआ। कार्यक्रम में डीएलएसए के माध्यम से कानूनी जागरूकता में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के 37 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर नायब तहसीलदार अशोक कुमार भी उपस्थित रहे।
सीजेएम पवन कुमार ने अपने सम्बोधन में कहा कि गुरुओं का समाज में विशेष स्थान है। वेदों में भी गुरु का दर्जा माता-पिता से भी ऊंचा माना गया है। शिक्षक बहुत मेहनत करते हैं, कभी हार नहीं मानता, वो समझते हैं कि मैं ऊंच पदों पर न सही मेरे स्टूडेंट उस मुकाम को हासिल करेंगे। मंच के माध्यम से शिक्षकों को नमन करते हुए उन्होंने छात्रों का आहवान किया कि गुरुओं का सम्मान करते हुए आगे बढ़ें और देश सेवा करें। सीजेएम ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों का ज्ञान होना चाहिए। डीएलएसए हमेशा इसके लिए तत्पर है। कानूनी शिक्षा फैलाना और जागरूक करना ही डीएलएसए का उद्देश्य है। उन्होंने छात्रों को खेलों के माध्यम से स्वस्थ रहते हुए आगे बढ़ने की अपील की। सीजेएम ने छात्रों से पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाने की भी अपील की। सीजेएम ने पॉक्सो के बढ़ते क्राइम पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि डीएलएसए आपके साथ खड़ी है।

जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि समाज मे न्यायकारी कार्य करने वालों की कीमत होती है और न्यायकारी व्यक्तियों से ही समाज सशक्त होता है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब नारी घर की चारदीवारी में कैद होती थी लेकिन आज हर क्षेत्र में आगे है। साथ ही उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के साथ-साथ बेटों की शिक्षा पर भी जोर दें। उन्होंने कहा कि बेटा और बेटी दोनों की शिक्षा से ही समाज मे पूर्णता आएगी।
कानूनी साक्षरता जिला समन्वयक राजेश कौशिक ने भी सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कानूनी साक्षरता में शिक्षकों के योगदान के बारे में बताया और सम्मानित होने वाले शिक्षकों को बधाई दी। प्राचार्य सुदेश कुमार यादव ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया। इससे पहले स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यक्रम में समां बांधा। प्राचार्य सुदेश यादव द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। डॉ भीमराव अंबेडकर चेतना विकास समिति के प्रधान संजय नाफ़रिया व अन्य सदस्यों ने अतिथियों को सविंधान की प्रति भेंट की।
वीर शहीद ईश्वर सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विभिन्न प्रकोष्ठ के प्रभारी शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य सुनील जैन, पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह सहित विभिन्न शिक्षकगण, स्कूली बच्चे व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।