भिवानी में दिल्ली-पिलानी हाईवे पर लगाया जाम
भिवानी में 29 वर्षीय युवक की मौत पर अब बवाल शुरू हो गया है। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उनके बेटे का मर्डर किया, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सैकड़ों लोग अब दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर धरने पर बैठ गए हैं। हाईवे पर जाम लगाकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया जा रहा है।
मंगलवार सुबह से शुरू हुए इस प्रदर्शन के बाद पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। प्रशासन भारी पुलिस बल के साथ गांव में पहुंच गया है। अधिकारी लगातार मृतक के परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक प्रदर्शन जारी है और हाईवे भी बंद है।
जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय करण पर 28 जुलाई को गांव जुई खुर्द के ही कुछ लोगों ने भूमि विवाद के चलते घातक हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल करण को पहले स्थानीय स्तर पर और बाद में दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब डेढ़ महीने तक उसका इलाज चला और 14 सितंबर को उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि करण की हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। गंभीर धाराओं में मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। इसी आक्रोश के चलते ग्रामीणों ने जुई में जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
हाईवे बंद और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान अधिकारी मृतक के परिजनों को समझाने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक परिजन नहीं माने हैं और वह पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। गांव में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

