भिवानी की बेटी तृप्ति श्योराण को बड़ी जिम्मेदारी, महिला एवं बाल विकास की चेयरपर्सन नियुक्त
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तृप्ति श्योराण को महिला एवं बाल विकास विभाग का चेयरपर्सन नियुक्त किया है। जानें उनके परिवार और सामाजिक योगदान के बारे में।
भिवानी। भिवानी की बेटी तृप्ति श्योराण को महिला एवं बाल विकास विभाग का चेयरपर्सन नियुक्त किए जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा लिया गया यह निर्णय ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण की पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि तृप्ति श्योराण इससे पूर्व भिवानी में जिला कार्यक्रम अधिकारी के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं, जहां उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान अनेक सराहनीय कार्य किए।
तृप्ति श्योराण एक ऐसे परिवार से संबंध रखती हैं, जिसकी जड़ें सामाजिक सेवा, संगठनात्मक कार्य और स्वच्छ राजनीति से जुड़ी रही हैं। उनके पिता चौधरी हरीपाल गागड़वास (लोहारू निवासी) सहकारी बैंक में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत रहते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाते रहे। वे सामाजिक कार्यों और राजनीतिक गतिविधियों में भी अग्रणी रहे और अपनी सादगीपूर्ण जीवनशैली के लिए जाने जाते थे।
जानकारों के अनुसार हरिपाल गागड़वास के संबंध प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा वरिष्ठ नेता पंडित रामविलास शर्मा से भी पारिवारिक स्तर पर रहे। उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली ने न केवल संगठन बल्कि राजनीति में भी कई लोगों को प्रभावित किया।
बताया जाता है कि हरिपाल गागड़वास की निष्ठा, ईमानदारी और राजनीतिक समझ के कारण ही उन्होंने अपने समय में कई महत्वपूर्ण निर्णयों में भूमिका निभाई। यहां तक कि पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के समय भी उन्होंने अपनी सूझबूझ से संगठन को मजबूती दी और योग्य नेतृत्व को आगे बढ़ाने में योगदान दिया।
हरिपाल गागड़वास के निधन के बाद भी उनकी विरासत को उनकी पुत्री तृप्ति श्योराण ने आगे बढ़ाया। उन्हें पहले भिवानी क्षेत्र में कार्य करने की जिम्मेदारी दी गई, जिसे उन्होंने पूरी लगन और दक्षता के साथ निभाया। अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए उन्होंने समाज सेवा और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई और आज राज्य स्तर तक अपनी पहचान स्थापित की है।
परिवार का राजनीतिक और सामाजिक योगदान भी उल्लेखनीय रहा है। उनके ताऊ पूर्व मंत्री शकुंतला भगवाड़िया के निजी सहायक (पीए) रह चुके हैं तथा भिवानी सहकारी बैंक के चेयरमैन पद पर भी कार्य कर चुके हैं।
तृप्ति श्योराण की इस नियुक्ति को भिवानी ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है और तृप्ति श्योराण को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

