मैनेजिंग कमेटी के दो सदस्यों पर डाली 37 लाख की रिकवरी

 
मैनेजिंग कमेटी के दो सदस्यों पर डाली 37 लाख की रिकवरी

भिवानी 

मैनेजिंग कमेटी में रहकर स्कूल से हर माह लाखों रूपये वेतन लिए जाने के मामले में अतिरिक्त उपायुक्त भिवानी एवं विद्यालय प्रशासक ने 37 लाख रूपये रिकवरी के आदेश किए हैं। मामला हांसी गेट स्थित के.एम पब्लिक स्कूल का है।

स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन के अध्यक्ष बृजपाल सिंह परमार की शिकायत पर कड़ा संज्ञान लेते हुए ये आदेश जारी किए गए हैं। दोनों ही कर्मचारी मैनेजिंग कमेटी में सदस्य होने के बावजूद 36 माह से हर माह लाखों का वेतन ले रहे थे वहीं 35 माह से स्पेशल अलाउंस भी लिया जा रहा था।
स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन के अध्यक्ष बृजपाल सिंह परमार ने 27 जनवरी को जिला रजिस्ट्रार फर्म एवं सोसायटीज भिवानी सहित अन्य को शिकायत दी थी। इस शिकायत को जिला रजिस्ट्रार ने विद्यालय के प्रशासक को भेजा था। जिस पर केएम स्कूल में बतौर प्रशासक नियुक्त अतिरिक्त उपायुक्त भिवानी दीपक बाबूलाल करवा ने कड़ा संज्ञान लेते हुए विद्यालय की मैनेजिंग कमेटी में शामिल सदस्य लाइब्रेरियन अमिता शर्मा पर 25 लाख 8 हजार 489 रूपये की रिकवरी डाली है।

इसी तरह विद्यालय में क्लर्क के पद पर तैनात सुनील शर्मा पर 12 लाख 95 हजार 699 रूपये की रिकवरी के आदेश दिए हैं। बृजपाल सिंह परमार ने बताया कि हरियाणा सोसायटीज एक्ट 2012 के सेक्शन 90 के तहत विद्यालय की मैनेजिंग कमेटी में शामिल सदस्य नियमित रूप से विद्यालय में किसी भी पद पर रहकर आर्थिक लाभ नहीं ले सकता है।

इसी के तहत विद्यालय प्रशासक ने मैनेजिंग कमेटी में शामिल किए गए दो कर्मचारियों पर करीब 37 लाख रूपये रिकवरी के आदेश दिए हैं। विद्यालय प्रशासक के ये आदेश इसलिए भी अहम माने जा रहे हैं कि अन्य निजी विद्यालयों की मैनेजिंग कमेटियों में भी इसी तरह का फर्जीवाडा है, जिस पर जल्द संगठन कार्रवाई करेगा।