भिवानी में 2 प्रॉपर्टी डीलरों को गोलियां मारीं

भिवानी में शुक्रवार को 2 प्रॉपर्टी डीलरों पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना जीतू वाला जोड़ क्षेत्र की है। दोनों बाइक पर ऑफिस में जा रहे थे। रास्ते में बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। आरोपियों को पकड़ने के लिए 5 टीमें बनाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भाई बोला- बाइक पर देखते ही पथराव किया घायल विनोद के भाई मोहन ने बताया कि ताऊ का लड़का विनोद घर से रुद्रा कॉलोनी अपने प्रॉपर्टी डीलिंग के ऑफिस में जा रहा था। उसके साथ बाइक पर प्रशांत भी था। जब वे सुभाष हलवाई के पास पहुंचे तो 15-20 लड़कों ने प्रशांत और विनोद को घेर लिया। इनमें प्रदीप, बीरपाल, राजा, साहिल उर्फ काला, गौरव उर्फ गोरा, सैंडी थे। इन सभी के पास हथियार थे। उन्होंने पहले पथराव कर दिया।
पहले भी हमला हो चुका इसके बाद प्रदीप ने पिस्तौल से विनोद और प्रशांत पर फायरिंग कर दी। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। विनोद भिवानी ट्रक यूनियन का भी प्रधान है और साथ में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। पहले भी उस पर हमला हुआ था। हमला करने वालों के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। ये चोरी और झगड़ा करने वाली गैंग है। हमला करने वालों में 3 के पास पिस्तौल थी, बाकी के पास तलवार और तेजधार हथियार थे।