एमएनएस राजकीय राजकीय महाविद्यालय में दो दिवसीय 52वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन
भिवानी:
स्थानीय महाराजा नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को दो दिवसीय 52वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ।
महाविद्यालय के खेल-प्रांगण में आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह में छात्र-छात्राओं के साथ-साथ प्राध्यापक एवं खेल-प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय एथलीट योगिता परमार तथा विशिष्ट अतिथि महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डा. सुरेश धायल रहे। दोनों ही अतिथियों का महाविद्यालय परिवार ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर हार्दिक स्वागत किया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि योगिता परमार ने कहा कि खेल व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का माध्यम है। खेल भावना मनुष्य को अनुशासन, लक्ष्य-साधना तथा सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करती है। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे खेल को केवल प्रतियोगिता न मानकर जीवन की ऊर्जा और आत्मविश्वास बढ़ाने वाला माध्यम समझें तथा निरंतर अभ्यास द्वारा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं।
विशिष्ट अतिथि डा. सुरेश धायल ने कहा कि महाविद्यालय की खेल परंपरा अत्यंत समृद्ध रही है। यहां के विद्यार्थियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्था का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खेल चरित्र-निर्माण का आधार है, जो युवाओं में नेतृत्व क्षमता, धैर्य और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करता है। उन्होंने प्रतियोगिताओं में सहभागी सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
अतिथियों का स्वागत महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जगबीर सिंह श्योराण, डा. जगवीर सिंह मान तथा कार्यक्रम संयोजक डा. मीतेश शर्मा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत-गीत से हुई। इसके बाद प्राचार्य जगबीर सिंह श्योराण ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि खेलकूद शिक्षा का अभिन्न अंग है, जो युवाओं को आत्मविश्वास, नेतृत्व तथा कार्यकुशलता प्रदान करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को पूर्ण निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मीतेश शर्मा ने प्रतियोगिता का संक्षिप्त परिचय देते हुए बताया कि दो दिवसीय इस आयोजन में एथलेटिक्स, खेलकूद एवं विभिन्न ट्रैक प्रतिस्पर्धाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया जाएगा। मंच संचालन का दायित्व डा. कविता शर्मा, डा. अनिल सिंहल और श्रीमती सुदेश ने सफलतापूर्वक निभाया।
परिणामों की जानकारी देते हुए महाविद्यालय प्रैस प्रभारी डा. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि लडक़ों की 5 हजार मीटर दौड़ में अजय, हिमांशु व अभिषेक क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। वही ऊंची कूद में रौनक, अजय व मोक्ष, शॉट पुट एवं डिस्कस थ्रो में सुमित, दीपांशु व प्रिंस तथा जैवलिन थ्रो में रौनक, युद्धवीर व सुमित क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रही। इस प्रकार लड़कियों की 200 मीटर दौड़ में भूमिका, जयवंती व अनुज, 400 मीटर दौड़ में स्नेहा, अन्नु व शिवानी, लंबी कूद में भूमिका, जयवंती व अनुज, जैवलिन थ्रो में भूमिका, जयवंती व दीक्षा, डिस्कस थ्रो एवं शॉटपुट में भूमिका, जयवंती व अनुज क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे।
इस अवसर पर कार्यक्रम में सह-संयोजक डा. वजीर सिंह गोयत, डा. हरिओम शर्मा, आनंद प्रकाश, जसमिंदर सिंह, डा. देवेंद्र दलाल, डा. दिनेश शर्मा, डा. पंकज शर्मा, डा. राजबीर सिंह, डा. प्रदीप कुमार, डा. अशोक कादयान, डा. सुरेन्द्र नरवाल, आनंद कुमार, डा. कुलवीर सिंह, रविकांत, सतीश खरोलिया, अनुज मित्तल, अजय कुमार, विभा दहिया, डा. शालिनी सिंहल, डा. पारीशा, सुनीता सांगवान, सुनीता चौहान, दीपिका, मंजुबाला सहित अनेक प्राध्यापक उपस्थित रहे।

