नागरिक अस्पतालों में आधुनिक उपकरणों की वृद्धि के साथ विशेषज्ञों के रिक्त पदों को भरा जाए : मोहित चौधरी

 
नागरिक अस्पतालों में आधुनिक उपकरणों की वृद्धि के साथ विशेषज्ञों के रिक्त पदों को भरा जाए : मोहित चौधरी

भिवानी :

भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं को लेकर युवा भाजपा नेता मोहित चौधरी लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में गांव गुज्जरवास में आयोजित एक सामाजिक समारोह के दौरान बतौर मुख्यअतिथि पहुंची स्वास्थ्य मंत्री आरती राव से सांसद चौ. धर्मबीर सिंह के सुपुत्र एवं युवा भाजपा नेता मोहित चौधरी ने मुलाकात की।

इस मुलाकात का मुख्य केंद्र बिंदु भिवानी और तोशाम क्षेत्र की चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा। मुलाकात के दौरान मोहित चौधरी ने स्वास्थ्य मंत्री को क्षेत्र की भौगोलिक और जनसंख्या संबंधी स्थितियों से अवगत कराया।

उन्होंने मांग की कि भिवानी और तोशाम के नागरिक अस्पतालों में न केवल आधुनिक उपकरणों की वृद्धि की जाए, बल्कि विशेषज्ञों के रिक्त पदों को भी प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर न भागना पड़े। उन्होंने कहा कि भिवानी और तोशाम क्षेत्र की जनता ने हमेशा भाजपा पर विश्वास जताया है।

ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि उन्हें बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। मोहित ने बताया कि उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री जी से आग्रह किया है कि तोशाम के ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य केंद्रों की हालत सुधारी जाए और एम्बुलेंस सेवाओं का विस्तार हो। मंत्री जी ने इन मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है। वही इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि प्रदेश सरकार हर जिले में चिकित्सा बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है। मोहित चौधरी ने क्षेत्र की जिन मांगों को हमारे सामने रखा है, उन पर विभाग गंभीरता से विचार करेगा।

भिवानी और तोशाम में जो भी कमियां हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से दूर किया जाएगा ताकि आमजन को घर के नजदीक ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर डा. राजकुमार हलवासिया, हरिराम गोलपुरा, यतेंद्र राव जिला अध्यक्ष भाजपा, दयाराम यादव पूर्व जिला अध्यक्ष, सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।