हरियाणा में आज से 3 स्टेशनों पर रुकेगी वंदेभारत
हरियाणा के यात्रियों के लिए शनिवार का दिन एक और बड़ी सौगात लेकर आया है। प्रदेश को आज एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिलने जा रही है, जो पंजाब में फिरोजपुर कैंट से दिल्ली जंक्शन के बीच चलेगी। यह ट्रेन हरियाणा के 3 प्रमुख रेलवे स्टेशनों अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र और पानीपत पर रुकेगी।
इस ट्रेन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में हुए कार्यक्रम में उद्घाटन कर दिया है। इससे पहले हरियाणा में चलने वाली वंदे भारत ट्रेनें मुख्य रूप से अंबाला तक ही सीमित थीं, लेकिन अब यात्रियों को और अधिक सुविधा मिलेगी।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि ट्रेन संख्या 26462/26461 वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन शनिवार (8 नवंबर) को फिरोजपुर कैंट रेलवे स्टेशन से किया जा रहा है। उद्घाटन के बाद ट्रेन अपने नियमित संचालन पर आ जाएगी।
नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन अंबाला कैंट स्टेशन पर दोपहर 12:18 बजे पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन के आगमन पर अंबाला कैंट स्टेशन पर एक औपचारिक स्वागत समारोह भी आयोजित किया जा रहा है। स्थानीय रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि और यात्री इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि नई वंदे भारत ट्रेन यात्रियों को एक तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करेगी। ट्रेन में उन्नत सुविधाएं जैसे ऑटोमैटिक दरवाजे, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली, ऑनबोर्ड वाईफाई, बायो-वैक्यूम टॉयलेट्स और एर्गोनॉमिक सिटिंग दी गई हैं।
अब तक वंदे भारत ट्रेनें दिल्ली और अंबाला के बीच कहीं नहीं रुकती थी, लेकिन अब हरियाणा के 2 और महत्वपूर्ण स्टेशनों पानीपत जंक्शन और कुरुक्षेत्र जंक्शन पर भी इस ट्रेन का ठहराव होगा। रेलवे ने यह निर्णय यात्रियों की बढ़ती मांग और इन स्टेशनों से भारी ट्रैफिक को देखते हुए लिया है।
इससे न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि दिल्ली-हरियाणा-पंजाब रूट पर कनेक्टिविटी में भी सुधार होगा। यह ट्रेन क्षेत्रीय व्यापारिक, शैक्षणिक और औद्योगिक यात्राओं के लिए भी अहम साबित हो सकती है।

