विद्यार्थियों ने लिए भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के संकल्प
 

विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल ने विद्यार्थियों को पढ़ाया संस्कृति, सनातन, संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति का पाठ 
संस्कृति व संस्कारों की राह पर चलकर ही युवा बन सकते है संस्कारवान नागरिक : गोपाल तंवर 
 
 
भिवानी स्कूल समाचार

भिवानी, 04 अगस्त : विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल भिवानी द्वारा विशेष जनजागरण अभियान के तहत मंगलवार को स्थानीय लिटिल हार्ट्स पब्लिक स्कूल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म, नैतिक संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति विषय पर एक प्रेरक संवाद का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल भिवानी के जिला मंत्री गोपाल तंवर ने कहा कि युवा संस्कृति एवं संस्कारों की राह पर चलकर ही भविष्य में संस्कारवान नागरिक बन सकते है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के महत्व को बहुत ही सरल और प्रभावी ढंग से समझाया। तंवर ने संवाद के दौरान विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे माता-पिता, गुरुजनों और बुजुर्गों का हमेशा आदर करे, सच्चाई व ईमानदारी अपनाए, समय का पाबंद रहे, व्यवहार में विनम्रता रखे तथा कृपया, धन्यवाद और क्षमा जैसे शब्दों की सकारात्मक भावना अपनाए, जल एवं पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता के महत्व को समझे, देश के त्योहारों, प्राचीन परंपराओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के महत्व को समझे, जरूरतमंदों की सहायता करे, संविधान का सम्मान करे तथा राष्ट्रीय एकता को सर्वोपरि रखे, मोबाइल और इंटरनेट का जिम्मेदारी से उपयोग करे तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी उचित शिष्टाचार का पालन करे, योग और ध्यान को अपनाएं। इस मौके पर मैनेजिंग डायरेक्टर डा. पवन गोयल, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भावना गोयल ने कहा कि इस प्रकार के आयेाजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होते है, जो कि उन्हे अपनी संस्कृति व संस्कारों से अवगत करवाते है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह के साथ अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का पूर्ण सम्मान करने, उत्तम संस्कार अपनाने तथा सदैव राष्ट्रहित में कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस सफल एवं प्रेरणादायी आयोजन में विद्यालय के प्रबंध तंत्र और शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर सेक्रेटरी डा. संजय गोयल, मैनेजर सतीश गोयल, प्रिंसिपल दीपक जोशी, वाइस प्रिंसिपल मिस्टर सुदेश तुलसियन, कोऑर्डिनेटर सुनीता, बबीता, सोनिका, सुदेश, प्रधानाचार्य जोगिंद्र शर्मा सहित समस्त शिक्षक स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।