विजय दिवस हमारे वीर सैनिकों के अदम्य साहस और वीरता का प्रतीक है: अजय चोपड़ा 

 
विजय दिवस हमारे वीर सैनिकों के अदम्य साहस और वीरता का प्रतीक है: अजय चोपड़ा 

भिवानी।  

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय चोपड़ा ने कहा कि भारत में हर वर्ष 16 दिसंबर को विजय दिवस मनाया जाता है। यह दिन 1971 के भारत–पाक युद्ध में भारतीय सशस्त्र बलों की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में समर्पित है। इस दिन पाकिस्तान की सेना ने ढ़ाका में आत्मसमर्पण किया था, जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश का निर्माण हुआ।

विजय दिवस हमारे वीर सैनिकों के अदम्य साहस, बलिदान और रणनीतिक कौशल का प्रतीक है।
चोपड़ा मंगलवार को विजय दिवस के अवसर पर नेहरू पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने के पश्चात अपना संदेश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें राष्ट्रीय एकता, आत्मसम्मान और देश की संप्रभुता के महत्व की याद दिलाता है। विजय दिवस केवल एक सैन्य जीत नहीं, बल्कि मानवता, स्वतंत्रता और न्याय के लिए संघर्ष की प्रेरक गाथा है।
हमें अपने सैनिकों के त्याग को सदैव स्मरण रखते हुए राष्ट्र सेवा के मूल्यों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें राष्ट्र की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। युवाओं में राष्ट्र भक्ति का होना जरूरी है।

इसके साथ-साथ युवाओं को हमारे गौरवमयी इतिहास की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश सेवा की जहां बात आती है, वहां जिला भिवानी का नाम बड़े गर्व के साथ लिया जाता है। इस मौके पर जिला सैनिक बोर्ड से राजेंद्र झाझडिय़ा, धर्म सम्राट, बलवान सिंह, अमित कुमार के अलावा अनेक पूर्व सैनिक मौजूद थे।