Bhiwani News 2026: भिवानी आईटीआई में विकसित भारत यंग डायलॉग प्रतियोगिता: एसडीएम महेश कुमार बोले— युवा राष्ट्र निर्माण में निभाएं अहम भूमिका
युवा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं: एसडीएम महेश कुमार
आईटीआई में विकसित भारत यंग डायलॉग के अंतर्गत जिला स्तरीय प्र्रतियोगिता का पीपीटी राउंड हुआ आयोजित
भिवानी, 12 नवंबर। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में राजकीय आईटीआई में विकसित भारत यंग डायलॉग के अंतर्गत स्टेज-तृतीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता का पीपीटी राउंड आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम महेश कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से विकसित भारत के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार, सुझाव एवं दृष्टिकोण प्रस्तुत किए।
एसडीएम महेश कुमार ने कहा कि युवाओं के विचार, नवाचार, रचनात्मक सोच एवं सक्रिय सहभागिता से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंंने कहा कि इस प्रकार के मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, सम-सामयिक विषयों को समझने और देश के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार रखने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।

जिला युवा अधिकारी मानसा ने माय भारत कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवा संवाद एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी को विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विस्तार से जानकारी दी।
संस्थान के प्रधानाचार्य जयदीप कादयान ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों में बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में शामिल चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय से डॉ. मनोज कुमार तेवतिया एवं डॉ. विपिन जैन तथा राजीव गांधी महिला महाविद्यालय से डॉ रेनू बाला ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का विषय की समझ, विचारों की मौलिकता, प्रस्तुतीकरण शैली, नवाचार एवं विषय से संबंधित व्यावहारिक दृष्टिकोण के आधार पर मूल्यांकन किया।