पानी निकासी की मांग को लेकर उपायुक्त से मिले गांव बीरण के ग्रामीण 

 
पानी निकासी की मांग को लेकर उपायुक्त से मिले गांव बीरण के ग्रामीण 

भिवानी :

जिला के गांव बीरण के वार्ड नंबर 15 के ग्रामीण मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और गांव में हो रहे भारी जलभराव की समस्या को लेकर अपनी व्यथा सुनाई।

ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, और अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और भी खराब हो सकती है।

ग्रामीणों ने उपायुक्त से यह भी मांग की कि जलभराव के कारण उन्हें जो आर्थिक और संपत्ति का नुकसान हुआ है, उसकी एवज में उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए
     उपायुक्त से पानी की निकासी की मांग करने पहुंचे ग्रामीण ओमप्रकाश, रामनिवास, रमेश, जगीत पंच, रूपेंद्र, कुलदीप, सुमेर, मुखत्यार, जसविंद्र, हरीश, जोगेंद्र, जयवीर, हनुमान, सुरेंद्र सहित अन्य ने बताया कि गांव के वार्ड नंबर-15 में पानी इस कदर भर गया है कि गांव के स्कूल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सहित कई ग्रामीणों के मकान भी जलमग्न हो गए हैं। इस जलभराव के कारण कई मकानों की नींव कमजोर हो गई है, जिससे उनमें दरारें आ गई हैं, और तो और कुछ मकान तो गिर भी गए हैं। इससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
      ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 15 के पास स्थित धान के खेतों का पानी गांव में छोड़ा जा रहा है, जिससे जलभराव की समस्या और भी गंभीर हो गई है।

इसके अलावा बाहर का पानी भी गांव में आ रहा है, जिससे स्थिति और भी दयनीय हो गई है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से भरे पानी के कारण गांव में मक्खी, मच्छर और अन्य जहरीले जीव पनप रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं के साथ-साथ डर का माहौल भी है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से गुहार लगाई कि वे इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करवाएं ताकि वे और उनके परिवार सुरक्षित रह सकें।