स्कूल और मंदिर में भरा पानी, बच्चों की पढ़ाई ठप 

 
स्कूल और मंदिर में भरा पानी, बच्चों की पढ़ाई ठप 

भिवानी:

लगातार हो रही भारी बारिश ने जिला के गांव बीरन में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। गांव के सरकारी स्कूल और मंदिरों में पानी भर गया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह ठप हो गई है।

गांव वाले प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी की मांग कर रहे हैं ताकि हालात सामान्य हो सकें। इस बारे में गांव बीरण के सरपंच सुल्तान सिंह व सरपंच प्रतिनिधि जोगेंद्र सिंह ने बताया कि बीते दिनों आई बारिश के कारण पहले ही गांव के सरकारी स्कूल में पानी भर गया था।

जिसके कारण पिछले 20 दिनों से बच्चों की कक्षाएं पास के एक मंदिर में लगाई जा रही थीं। लेकिन अब भारी बारिश के कारण उस मंदिर में भी पानी भर गया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह से रूक गई है। यह स्थिति बच्चों के भविष्य के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है।

उन्होंने बताया कि स्कूल में भरे पानी की स्थिति का जायजा बीते दिनों सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने भी लिया था, लेकिन इसके बावजूद भी आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि गांव के सीनियर सैकेंडरी स्कूल में लगभग तीन से चार फीट पानी भर गया है। स्कूल के सामने स्थित जोहड़ (तालाब) ओवरफ्लो हो गया है, जिसका पानी अब स्कूल के अंदर घुस गया है। जलभराव के कारण ना केवल बच्चों का स्कूल में आना-जाना मुश्किल हो गया है, बल्कि स्कूल के पास लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से भी खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों को डर है कि कहीं कोई अप्रिय घटना न हो जाए।

सरपंच सुल्तान सिंह ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए उपायुक्त और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से तुरंत मदद की अपील की है। पंचायत ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि वे मौके पर अधिकारियों को भेजकर स्थिति का जायजा लें और जलभराव को निकालने के लिए तुरंत कदम उठाएं।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पानी नहीं निकाला जाता, तब तक बच्चों की पढ़ाई फिर से शुरू नहीं हो पाएगी और उनके सामने हमेशा एक खतरा बना रहेगा।