भिवानी में पानी की किल्लत, लोगों ने किया रोड जाम 

 
भिवानी में पानी की किल्लत, लोगों ने किया रोड जाम 

भिवानी

हनुमान गेट पर पानी की समस्या को लेकर सोमवार को क्षेत्रवासियों ने जाम लगा दिया। लोगों का कहना है कि उन्हें पीने के पानी के लिए समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया।

साथ ही मांग की, कि उनकी पानी की समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। करीब 20-25 मिनट जाम लगा है, बाद में पुलिस व पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों ने जाम खुलवाया।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और स्थानीय लोगों ने करीब 11:30 बजे दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। जिसके चलते सड़क पर लंबी कतारें लग गईं और वाहन ड्राइवरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं इस पूरे मामले पर पार्षद विनोद प्रजापति ने कहा कि वे कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। मजबूर होकर लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ा। 

उधर, विभाग के जेई ताजादीन ने जानकारी देते हुए बताया कि चौहान माता मंदिर के पास पाइपलाइन में लंबे समय से तकनीकी दिक्कत आ रही है। कई बार मरम्मत के बावजूद समस्या पूरी तरह से खत्म नहीं हो पाई है। मंदिर के नीचे लाइन होने के कारण काम करने में भी दिक्कत आती है।

हालांकि, अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और आश्वासन दिया कि दोपहर 1 बजे तक पानी की सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।

अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन का यह आश्वासन कब तक धरातल पर उतरता है या फिर लोगों को आगे भी ऐसे ही संघर्ष करना पड़ेगा। हनुमान गेट निवासी महिला गुड्डी ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले एक महीने से पानी नहीं मिल पा रहा है। पिछले 2 साल से गंदा पानी मिल रहा था, अब वो भी नहीं मिल पा रहा है। जिसके कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।