हरियाणा में मौसम बिगड़ा, 2 जिलों में बूंदाबांदी

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद हरियाणा में महेंद्रगढ़ के नारनौल और नूंह में मौसम बिगड़ गया है। यहां बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। बूंदाबांदी भी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने यहां शनिवार को बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने रेवाड़ी और पलवल में भी आज बारिश की चेतावनी दी है।
इन जिलों में तेज हवाएं चलने के साथ बिजली चमकेगी और हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा इन जिलों समेत बाकी 19 जिलों में मौसम विभाग ने हीट वेव का अलर्ट जारी किया हुआ है। हालांकि, इनमें से भी पानीपत, फतेहाबाद, गुरुग्राम, भिवानी, सिरसा समेत कुछ जिलों में आज बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं।
मौसम विभाग ने जिन जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है, उसमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के 22 जिले आज हीट वेव के यलो जोन में हैं, जहां 28 अप्रैल तक हीट वेव जारी रहेगी। 29 अप्रैल को 15 जिलों में हीट वेव के लिए यलो अलर्ट रहेगा और 7 जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है। यानी ग्रीन जोन वाले जिलों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकेगी।
इससे पहले शुक्रवार को प्रदेश का तापमान 44 डिग्री को पार कर गया। आने वाले दिनों में गर्मी और भी बढ़ने की संभावना है।
हरियाणा का तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री ज्यादा हरियाणा के अधिकतम तापमान में गुरुवार को 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। वहीं, राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। पलवल राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। पलवल के जल सेवा प्रभाग (एडब्ल्यूएस) में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
24 घंटे में बदला तापमान पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो प्रदेशभर के जिलों के अधिकतम तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिला। हरियाणा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी पलवल के वाटर सर्विस डिवीजन (AWS) में 2.1 डिग्री की हुई।
जिसके बाद पलवल के वाटर सर्विस डिवीजन (AWS) का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सिरसा जिले के तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जिसके बाद सिरसा का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।