कुरुक्षेत्र में बारिश से छत ढही, पत्नी की मौत

कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में सुबह बारिश की वजह से मकान की छत ढह गई। इस हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है।
पड़ोसियों ने दोनों को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
घटना सुबह करीब 6 बजे हुई। शाहाबाद के रावा गांव की पूनम देवी के मुताबिक, सुबह उसकी सास सोमा देवी और ससुर मिया राम अपने घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान बारिश की वजह से घर की कड़ियों वाली छत भरभराकर गिर गई, जिससे दोनों मलबे के नीचे दब गए। जोरदार आवाज सुनकर पड़ोसी भी मौके पर दौड़े आए।
परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया
उन्होंने पड़ोसियों की मदद से मलबा हटाया और दोनों को तुरंत अस्पताल भर्ती कराया। यहां उसकी सास सोमा देवी ने दम तोड़ दिया, जबकि ससुर मिया राम को सरकारी अस्पताल शाहाबाद में दाखिल कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बिजली गिरने की आशंका
जानकारी के मुताबिक, मकान की छत कड़ियों पर टिकी थी। छत पर आसमानी बिजली गिरने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। छत गिरने से घर के अंदर का पूरा सामान मलबे के नीचे दब गया। उधर, पुलिस ने सूचना पाकर शव काे कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सोमा देवी के 3 बेटे हैं
सोमा देवी के 3 बेटे मुकेश, नरेश और बंटी हैं। तीनों की शादी हो चुकी है। इनमें से 2 बेटे शाहाबाद में रहते हैं और बड़ा बेटा मुकेश गांव में ही है। घटना के वक्त बड़ा बेटा पास ही दूसरे कमरे में मौजूद था। छत गिरते ही वो अपने परिवार के साथ तुरंत पहुंच गया। उसने पड़ोसियों की मदद से मलबा हटाकर अपने माता-पिता को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।