देश की तरक्की के लिए महिलाओं का आर्थिक रूप से सशक्त होना जरूरी :  सज्जन कौर 
 

 
देश की तरक्की के लिए महिलाओं का आर्थिक रूप से सशक्त होना जरूरी :  सज्जन कौर 

भिवानी :

महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और उन्हें स्वरोजगार की मुख्यधारा से जोडऩे की दिशा में भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक के मार्गदर्शन में भाजपा जिला कार्यकारिणी की सदस्या सज्जन कौर ने एक सराहनीय पहल की है।

शनिवार को स्थानीय ओल्ड हाउसिंग बोर्ड में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए न केवल प्रेरित किया, बल्कि उन्हें प्रशिक्षित करने के लिए एक मंच भी प्रदान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य सज्जन कौर ने कहा कि देश और समाज की वास्तविक तरक्की तभी संभव है, जब महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सज्जन कौर ने कहा कि आज केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं को लखपति दीदी बनाने से लेकर स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक मदद देने तक कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। हमारा उद्देश्य है कि हर महिला अपने पैरों पर खड़ी हो। जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है, तो पूरा परिवार सशक्त होता है।

इस जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम में गोहाना से विशेष रूप से आमंत्रित विषय विशेषज्ञ पूनम ने भी शिरकत की। पूनम ने उपस्थित महिलाओं को स्वरोजगार से जुडऩे की बारीकियों को बहुत ही सरल शब्दों में समझाया।

उन्होंने महिलाओं का मार्गदर्शन करते हुए बताया कि वे किस तरह छोटे स्तर से शुरुआत कर बड़ी सफलता हासिल कर सकती हैं। विशेषज्ञ पूनम ने कहा कि महिलाएं ब्यूटी पार्लर, सिलाई-कढ़ाई, हस्तशिल्प और अन्य घरेलू उत्पादों का प्रशिक्षण लेकर आसानी से स्वरोजगार शुरू कर सकती हैं। इसमें न केवल अच्छी आमदनी है, बल्कि यह उन्हें सामाजिक सम्मान भी दिलाता है।