भिवानी शहर को स्वच्छ बनाने और अतिक्रमण हटाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए: सांसद धर्मबीर सिंह
भिवानी।
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह की अध्यक्षता में स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में
शहरी स्थानीय निकाय विभाग, बिजली और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अलावा शहर के पार्षदों की एक बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीसी साहिल गुप्ता, एसडीएम महेश कुमार और डीएमसी हरबीर सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक में सांसद ने नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि भिवानी शहर को गंदगी से मुक्त बनाने और अतिक्रमण हटाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए ताकि शहर सुंदर दिखाई दे और आमजन को आने-जाने में किसी प्रकार की दिक्कत ना हो।
सांसद ने निर्देश देते हुए कहा कि शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए लोगों में जागरूकता के लिए अभियान भी चलाया जाए। इसके साथ उन्होंने निर्देश दिए कि विभिन्न विभाग शहर में अपनी अपनी जमीन से अतिक्रमण हटवाने का काम करें। उन्होंने कहा कि सड़कों और गलियों में अतिक्रमण होने से आमजन को भारी दिक्कत होती है।
अतिक्रमण हटाने में किसी प्रकार का भेदभाव बरतें। उन्होंने नगर परिषद को निर्देश देते हुए कहा कि भिवानी शहर में आने वाले विशेष तौर पर ढाना रोड़, कोंट रोड़, दिनोद रोड़ और पालवास आदि रोड़ से अतिक्रमण हटवा कर उनका सौंदर्य करण किया जाए ताकि गांव से शहर में आने वाले लोगों को परेशानी ना हो।
बैठक में पार्षदों ने विभिन्न जगहों पर सीवरेज की सफाई, पर्याप्त पेयजल और बिजली पोल आदि ना होने की समस्याएं रखी, जिस पर सांसद ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि एवं पार्षद भवानी प्रताप सिंह और विभिन्न वार्डों के पार्षद मौजूद रहे।

