MLA Kapoor Valmiki News 2026: विश्व दिव्यांग दिवस क्रिकेट चैंपियनशिप की ट्रॉफी का अनावरण: विधायक कपूर वाल्मीकि ने की खिलाड़ियों की सराहना
विश्व दिव्यांग दिवस क्रिकेट चैंपियनशिप की ट्रॉफी का विधायक कपूर वाल्मीकि ने किया अनावरण
सरकार की खेल नीति का खिलाडिय़ों को मिल रहा है बड़ा लाभ: कपूर वाल्मीकि
छह राज्यों के दिव्यांग खिलाड़ी दिखाएंगे क्रिकेट में दमखम, 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक होंगे मुकाबले
बवानी खेड़ा , 23 नवंबर। डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा द्वारा विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली चार दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इस दौरान एसोसिएशन के चीफ पैटर्न एवं बवानी खेड़ा के विधायक कपूर वाल्मीकि ने प्रतियोगिता के लिए तैयार की गई ट्रॉफी का अनावरण किया।
इस अवसर पर विधायक कपूर वाल्मीकि ने कहा कि उन्होंने दिव्यांग खिलाडिय़ों को क्रिकेट खेलते हुए देखा है। उनका खेल और प्रदर्शन किसी भी सामान्य खिलाड़ी से कम नहीं है। ये खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर देश-दुनिया में नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी किसी से कम नहीं हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर अवसर मिलने चाहिए।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार की खेल नीति का लाभ खिलाडिय़ों को मिल रहा है। राज्य और केंद्र सरकार खिलाडिय़ों को नौकरियां तथा करोड़ों रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित कर रही हैं। पैरा ओलंपिक से लेकर एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ और ओलंपिक तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को सरकार प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दिव्यांग खिलाडिय़ों की समस्याओं और मांगों को सरकार के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढऩे के अधिक अवसर मिल सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि हांसी में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार प्रदर्शन करेंगे।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एसएस मान, संरक्षक गोवर्धन आचार्य एवं राजकुमार सुनसुना ने बताया कि 29 नवंबर से दो दिसंबर तक आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छह राज्यों के दिव्यांग खिलाड़ी टी-20 क्रिकेट मुकाबलों में भाग लेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग खिलाडिय़ों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रयास करना है। उन्होंने बताया कि दिव्यांग क्रिकेट खिलाडिय़ों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें उचित सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए बीसीसीआई एवं सरकार को कई बार पत्र लिखे जा चुके हैं। दिव्यांग क्रिकेट से जुड़ी सभी एसोसिएशनों को मजबूत बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं। भविष्य में भी बड़े स्तर पर चैंपियनशिप आयोजित करने की योजना है, ताकि दिव्यांग खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर मिल सकें।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र हंस, हांसी से राजेंद्र भूटानी, संजय कुमार, संरक्षक गोवर्धन आचार्य, महासचिव राजकुमार सुनसुना सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।