विश्व थैलेसीमिया दिवस : नागरिक अस्पताल में मरीजों के लिए जागरूकता सत्र का आयोजन
 

थैलेसीमिया से डरने की नहीं, सावधानी और सही उपचार अपनाने की है आवश्यकता : सीएमओ
थैलेसीमिया पीडि़तों के साथ मजबूती से खड़ी है प्रदेश सरकार  : सीएमओ डा. रघुबीर शांडिल्य
 
Dr. Rohit Mahla Thalassemia Nodal Officer
भिवानी, 14 मई : थैलेसीमिया जैसी गंभीर अनुवांशिक बीमारी के प्रति समाज को जागरूक करने और इससे जूझ रहे मरीजों का मनोबल बढ़ाने के लिए वीरवार को स्थानीय चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल के टीबी कॉन्फ्रेंस हॉल में विश्व थैलेसीमिया दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले भर से आए थैलेसीमिया पीडि़त बच्चे और उनके अभिभावक एकत्रित हुए। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. रोहित महला ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष की थीम हिडन नो मोर : फाईंडिग द डायनोजड स्पोर्टिंग दि अनसीन के तहत उन मरीजों तक पहुंचने का संकल्प लिया गया है जो अभी भी इस बीमारी की पहचान से दूर हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के तौर पर भिवानी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रघुबीर शांडिल्य ने उपस्थित मरीजों और परिजनों को संबोधित करते हुए कहा कि थैलेसीमिया से डरने की नहीं, बल्कि सावधानी और सही उपचार की आवश्यकता है। हरियाणा सरकार थैलेसीमिया पीडि़तों के साथ मजबूती से खड़ी है।  हमारा प्रयास है कि भिवानी का हर मरीज सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाकर एक सामान्य और खुशहाल जीवन जी सके। वही बतौर विशिष्ट अतिथि पहुंचे शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा ने कहा कि थैलेसीमिया मरीजों के लिए रक्त ही जीवन है। एक स्वस्थ व्यक्ति को हर तीन महीने में रक्तदान करना चाहिए क्योंकि आपका दान किया गया एक यूनिट रक्त किसी मासूम के चेहरे पर मुस्कान ला सकता है। हम रक्तदाताओं की पूरी टीम इन बच्चों की जरूरतों को पूरा करने के लिए हमेशा तत्पर हैं। सत्र के दौरान डॉ. रोहित महला ने बताया कि सरकार द्वारा थैलेसीमिया पीडि़तों को विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जा रही है, जिनमें सभी लाइसेंस प्राप्त सरकारी और निजी केंद्रों से मुफ्त रक्त यूनिट, आयरन चेलेटिंग दवाओं और एम्बुलेंस सेवाओं की निशुल्क उपलब्धता, गर्भवती महिलाओं और उनके जीवनसाथी के लिए एचपीएलसी परीक्षण की सुविधा है कार्यक्रम के अंत में सभी मरीजों को उपहार वितरित किए गए और उनके साहस की सराहना की गई। इस आयोजन ने ना केवल स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी, बल्कि समाज को थैलेसीमिया मुक्त हरियाणा बनाने के संकल्प के साथ एकजुट किया। इस अवसर पर डा. प्रवीण, डा. रीटा, डा. बबली, नर्सिंग अधिकारी सीमा व समस्त स्टॉफ व परिवारजन उपस्थित रहे।