मुख्यमंत्री से मिले युवा भाजपा नेता मोहित चौधरी
भिवानी:
मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर प्रदेश की राजनीति में युवा सक्रियता की एक नई झलक देखने को मिली। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद चौ. धर्मबीर सिंह के पुत्र एवं युवा भाजपा नेता मोहित चौधरी ने चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से शिष्टाचार भेंट की।
इस मुलाकात के दौरान मोहित चौधरी ने मुख्यमंत्री को पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी और क्षेत्र की प्रगति को लेकर विस्तृत चर्चा की। शुभकामनाओं के बाद मोहित चौधरी ने भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र की जनता की आवाज को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति और स्थानीय जनसमस्याओं के बारे में मुख्यमंत्री को विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
इस दौरान क्षेत्र में लंबित सडक़ों और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को गति देने, पेयजल, सिंचाई और स्थानीय युवाओं के रोजगार से जुड़े विषयों पर फीडबैक पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी विषयों को बेहद गंभीरता से सुना और क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया। इस भेंट के दौरान युवा मभाजपा नेता मोहित चौधरी के साथ क्षेत्र के अन्य गणमान्य युवा साथी भी मौजूद रहे। इनमें राजू पंघाल, अभिनव घनघस एवं विक्रमजीत सिंह फोगाट विशेष रूप से उपस्थित थे।
सभी नेताओं ने मुख्यमंत्री के सरल और सौम्य व्यवहार की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का विजन हरियाणा के हर कोने तक विकास पहुंचाने का है। भिवानी-महेंद्रगढ़ की जनता की उम्मीदों को हमने उनके समक्ष रखा है और हमें पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र की सभी समस्याओं का त्वरित समाधान होगा।
गौरतलब होगा कि सांसद पुत्र मोहित चौधरी की मुख्यमंत्री से इस भेंट को राजनीतिक गलियारों में भिवानी-महेंद्रगढ़ क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी सक्रियता और जनता के प्रति उनकी जवाबदेही के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और आमजन में उत्साह की लहर है।

