युवा महोत्सव से उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और स्वदेशी का शंखनाद
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी में सातवाँ युवा महोत्सव “उत्कर्ष–2025” दिनांक 21 से 23 नवम्बर 2025 तक सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है ।
तीन दिवसीय इस भव्य युवा महोत्सव में विभिन्न विभागों के विद्यार्थि उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी सृजनात्मकता, कौशल एवं सांस्कृतिक विविधता का सुंदर प्रदर्शन करेंगे । चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी में आज से तीन दिवसीय युवा महोत्सव “उत्कर्ष” का शुभारंभ हुआ जिसमें बवानीखेड़ा के विधायक कपूर बाल्मिकी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर भारत के लिए अपनी भूमिका के लिए प्रेरित किया और चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय को इसमें अपनी भूमिका के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि वो विश्विद्यालय में छात्रों के हितों के लिए हर सुविधा को सुनिश्चित करेंगे।
अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों से स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को अपनाने का विशेष आह्वान किया तथा कहा कि “स्वदेशी का अधिकतम उपयोग ही विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक होगा।
इस महोत्सव में अध्यक्षता कर रही चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय की कुलगुरू प्रो. दीप्ति धर्माणी ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि भारत के हर घर से अब उधमी निकले और हमारा विश्वविद्यालय इसके लिए विद्यार्थियों को हर प्रशिक्षण और प्लेटफॉर्म देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विद्यार्थियों को स्वदेशी को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की शपथ दिलाई और साथ ही सभी विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का दृढ़ आग्रह किया, जिससे वे एक स्वस्थ, अनुशासित एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन जी सकें। उन्होंने आगे कहा युवा अपने कौशल से अपनी रचनात्मकता से अपने नवाचार से देश को विकसित भारत की राह पर ले जाएंगे और हमारे विश्विद्यालय के युवा नशा के खिलाफ युवाओं को जागरूक करेंगे । उन्होंने आगे कहा नशा नहीं नवाचार के लिये हमारा युवा पूरे विश्व का नेतृत्व करेगा। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्वदेशी को अपनाने का आह्वान किया । नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, नई दिल्ली के निदेशक श्री दिनेश खन्ना जी इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय को उनके रचनात्मकता और उद्यमिता के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दी और स्वदेशी अपनाने के लिए सभी से आह्वान किया।
महोत्सव का विशेष आकर्षण स्वदेशी मेला रहा, जिसमें पारंपरिक कलाओं, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों एवं संस्कृति का मनमोहक प्रदर्शन किया गया, जो आत्मनिर्भरता एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करता ह। कुलगुरू प्रो. दीप्ति धर्माणी और विधायक कपूर बाल्मिकी द्वारा स्वदेशी मेले का उद्घाटन किया गया जिसमें मीडिया विभाग के फोटोग्राफी क्लब के छात्रों द्वारा लिए गए छायाचित्रों की एक प्रदर्शनी लगाई गई।
भिवानी के स्वदेशी मंच, सेल्फ हेल्फ ग्रुप एवं विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रकार के स्वदेशी उत्पादों के साथ-साथ खान-पान की कई स्टॉल लगायी गई।
इस अवसर पर स्वागत भाषण युवा महोत्सव के संयोजक एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सुरेश कुमार मलिक ने दिया एवं कार्यक्रम की रूपरेखा युवा महोत्सव के कार्यक्रम की सचिव एवं डीवाईडब्लू की डायरेक्टर डॉ सोनल शेखावत ने प्रस्तुत की उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में 30 महाविद्यालयों से 700 विद्यार्थियों ने भाग लिया है । इसमें नृत्य संगीत की 5 विधाओं के साथ कुल 40 कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएँगे।
आज क्लासिकल डांस, ड्रामा, गायन , पोस्टर , पेंटिग, मेहंदी, काव्य पाठ आदि सभी प्रतियोगिताओं की जानकारी दी साथ ही उन्होंने बताया कि यह विश्विद्यालय का सातवां युवा महोत्सव है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कला और संस्कृति को प्रस्तुत करने के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मंच संचालन प्रो. सुनीता भरतवाल और डॉ स्नेह लता शर्मा ने किया।
कार्यक्रम को प्रसिद्ध हरियाणवी गायक महावीर गुद्दू, कुलदीप पुनिया, तथा स्वदेशी जागरण मंच के प्रो. वेद प्रकाश लोहच की उपस्थिति ने और भी गरिमामय बना दिया।
इस अवसर पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो डीके मदान, डीन ऑफ कॉलेज प्रो एसके कौशिक, डीन प्रो संजीव कुमार, स्वर्णजयंती यूनिवर्सिटी कॉलेज के डायरेक्टर प्रो. विपिन कुमार जैन, प्राचार्य डॉ संजय गोयल,डॉ प्रोमिला सुहाग, डीवाईडब्लू डायरेक्टर डॉ सोनल शेखावत,डॉ सतबीर सिंह,शमशेर अहलावत,डॉ हरिकेश पंघाल सहित विश्वविद्यालय के सभी प्रोफ़ेसर, शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे ।

