नशे से दूर रह कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा : SP मनबीर सिंह
तोशाम।
एसएसपी मनबीर सिंह ने कहा है कि नशा व्यक्ति को ही नहीं पूरे राष्ट्र को नुकसान पहुंचाता है, यह राष्ट्रीय निर्माण में बहुत बड़ा बाधक है। युवाओं को चाहिए कि वे नशे से दूर रह कर समाज व राष्ट्र के नव निर्माण में अपना योगदान दें।
प्रवर पुलिस अधीक्षक मंगलवार को गांव धारवानवास में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित ग्रामीण भृमण कार्यक्रम में ग्रामीणों को सम्बोधित कर रहे थे।
इस मौके पर खेलों का आयोजन भी किया गया। प्रवर पुलिस अधीक्षक द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी सन्देश दिया गया। सरपंच प्रतिनिधि विनोद नेहरा व भगत सिंह ने प्रवर पुलिस अधीक्षक का गांव में पंहुचने पर स्वागत किया और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए एसएसपी मनबीर सिंह ने कहा कि जिला में नशे के सौदागरों के सिस्टम को तोड़ने के लिए पुलिस विभाग द्वारा अत्थक प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में युवाओं का नशे की तरफ रुझान बढ़ रहा है, जो बहुत ही गंभीर चिंता का विषय है।
युवा जिसे हम देश की शक्ति मानते हैं और जिस पर देश का उज्जवल भविष्य टिका है, युवा का नशे की गर्दीश में फंसना समाज व राष्ट्र के नव निर्माण में बाधा उत्पन्न करता है।
उन्होंने कहा कि नशा करने वाले व्यक्तियों के अंदर अनेक प्रकार के रोग उत्पन्न होते है साथ ही सामाजिक ताना-बाना टूटता है और आर्थिक हिसाब से परिवार कमजोर होता है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों व युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपना सकारात्मक योगदान दें।
डीएसपी दलीप सिंह ने कहा कि जिस प्रकार कोई शिकारी अपने शिकार को जकड़ता है, उसी प्रकार नशा भी व्यक्ति को अपने आगोश में लेता चला जाता है, जिससे बाहर निकलना बहुत मुश्किल काम है, परंतु दृढ़ इच्छा शक्ति के बल पर कोई भी नशे का आदी व्यक्ति इससे बाहर आ सकता है। संकल्प से बड़ी से बड़ी बाधा को भी पार किया जा सकता है, तो नशा की बुरी लत से भी छुटकारा पाया जा सकता है।
एसएसपी ने ग्रामीणों से किया सीधा सवाल:
एसएसपी ने नशे की बुराई के खात्मे को लेकर ग्रामीणों से सीधा सवाल करते हुए राय मांगी। उन्होंने कहा कि इस बुराई को जड़ से खत्म करेंगे बशर्त, ग्रामीण सहयोग करें। ग्रामीणों को ही नशे से लिप्त लोगों की सूचना देनी होगी तभी बात बनेगी। एसएसपी के आग्रह पर ग्रामीण आगे आए और सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में सूचना जनसंपर्क विभाग के कलाकारों के कलाकारों ने नशा छुड़ाने के लिए लोक गीतों की प्रस्तुति दी।
दादी गौरी समिति प्रधान बलजीत सिंह व युवाओं ने मोमेंटो देकर एसएसपी मनबीर सिंह को सम्मानित किया।
इस मौके पर डीएसपी दलीप सिंह, थाना प्रभारी महाबीर सिंह, कैरू चौकी प्रभारी राजेश कुमार, बिजेंद्र चैयरमैन, सुबेसिंह, मोहित बांगड़वा, मंडल अध्यक्ष सतीश वर्मा, महेंद्र सिंह, नवीन कुमार, सुनील, सतपाल, मास्टर नरेश बांगड़वा, किरणपाल ढिल्लो, प्रदीप, मानसिंह, वेद बनेटा, मनीष कुमार, राजेन्द्र सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

