प्रेमी की हत्या, लाश नहर में फेंकी

2074
SHARE

गुरुग्राम।

हरियाणा के गुरुग्राम में महिला ने पति के साथ मिल प्रेमी की हत्या कर दी। महिला के पति को दोनों के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग का पता चल गया था। इसके बाद महिला ने देर रात प्रेमी को घर बुलाया और पति के साथ मिलकर मार डाला।

हत्या के बाद शव को बोरे में डालकर गुरुग्राम की धनकोट नहर में फेंक दिया। पुलिस ने 24 घंटे में इस पूरे ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाते हुए महिला व उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार गुरुग्राम पुलिस को सोमवार को सूचना मिली थी कि धनकोट नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव जाल में अटका है। धनकोट पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। वहां नहर की सफाई में लगे कर्मचारी ने पुलिस को बताया की 10 जून की सुबह साढ़े 9 बजे जाल से जब वह कचरा निकाल रहा था तो उसी दौरान उसको एक कट्टा जाल में रुका हुआ दिखाई दिया। फावड़े से उसे हटाने की कोशिश की तो कट्टा खुल गया। उसमें व्यक्ति की लाश थी।

गुरुग्राम राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने 302, 201 IPC के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया। पुलिस ने जब मृतक की पहचान के लिए सूचना एकत्रित की तो मालूम हुआ कि गुरुग्राम के सेक्टर 10 थाना एरिया में 9 जून को एक व्यक्ति के गुम होने के बारे में मामला दर्ज करवाया गया था।

इसके बाद उसके परिजनों से संपर्क कर शव की शिनाख्त कराई गई। मृतक का चेहरा पहचान की हालात में नही था, लेकिन हाथ पर गुदे हुए अक्षर (PVKY) से परिजनों ने उसकी शव की पहचान कर ली। मृतक 38 वर्षीय पुष्पेंद्र था, जो उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के नंगला लेखराज का रहने वाला था।

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप के अनुसार आरोपी रामनिवास ऑटो चलाने का काम करता है। उसकी पत्नी नीलम और मृतक पुष्पेंद्र एक ही कंपनी में काम करते थे। इसी दौरान इन दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। इन संबंध का महिला के पति को पता चल गया। इसके बाद नीलम और उसके पति ने पुष्पेंद्र की हत्या करने की योजना बनाई। 8 जून को नीलम कंपनी में पुष्पेंद्र से मिली और उसे 8-9 जून की रात को 2 बजे अपने कमरे पर आने के लिए कहा। पुष्पेंद्र बताए गए समय पर नीलम के कमरे पर पहुंच गया। इसके बाद नीलम ने अपने पति के साथ मिलकर पुष्पेंद्र के मुंह में कपड़ा डालकर गला दबा दिया।

हत्या करने के बाद इन्होंने शव को एक कट्टे में बांध दिया। फिर रामनिवास शव को अपने ऑटो रिक्शा में रखकर धनकोट नहर पर ले गया। नहर में शव को फेंककर अपने कमरे पर वापस आ गया। पुलिस से बचने के लिए इन्होंने उसी दिन अपना किराये का कमरा भी बदल लिया था।

अपने आस-पास की खबरे देखने के लिए हमारा youtube चैनल Subscribe करे ubscribe करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे https://www.youtube.com/bhiwanihulchal