चरखी दादरी: नहर में डूबने से 2 सगे भाईयों की मौत

785
SHARE

 चरखी दादरी।

चरखी दादरी के एक गांव में दो सगे भाइयों की संदिग्ध हालात में डूबने से मौत हो गई। दोनों रविवार शाम को टेलर के पास अपनी मां का सूट लेने के लिए गए थे। रात तक घर नहीं पहुंचे तो परिजन उनकी तलाश में निकले तो नहर किनारे सूट पड़ा देखा। सुबह दोनों भाइयों के शव नहर से बरामद हुए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

जानकारी के अनुसार गांव हड़ोदी निवासी सगे भाई अरविंद (15) और अविनाश (13) दसवीं कक्षा में पढ़ते थे। उनका पिता संजय किसान है और मां गृहिणी है। रविवार शाम को दोनों गांव अटेला में टेलर की दुकान पर अपनी मां का सूट लेने के लिए घर से गए थे। रास्ते में नहर पड़ती है।

जानकारी मिली है कि सूट लेकर वापस लौटते समय दोनों नहर के पास रुक गए थे। एक भाई पास की दुकान पर कुरकुरे और पानी लेने चला गया। इसके बाद दोनों ने नहर किनारे बैठ कर कुरकुरे खाए। इसके बाद उनके साथ क्या हादसा हुआ, इसकी छानबीन चल रही है। असल में वे देर रात घर न लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू हुई।

परिजनों को नहर के पास बच्चों की मां का सूट पड़ा मिला। परिजनों को आशंका हुई कि कहीं बच्चे नहर में तो नहीं डूब गए। बरसाना नहर को बंद करवाया और उनकी तलाश की। पहले अरविंद का शव जाल में फंसा मिला। करीब आठ बजे उसके ढाई सौ मीटर दूर पर ही अविनाश का शव कीचड़ में धंसा हुआ था। परिजनों का कहना है कि संतुलन बिगड़ने से दोनों नहर में डूबे हैं। सोमवार को दोनों के शवों का नागरिक अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपा गया।

अपने आस-पास की खबरे देखने के लिए हमारा youtube चैनल Subscribe करेSubscribe करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे https://www.youtube.com/bhiwanihulchal