हरियाणा में ठहरा अमृतपाल , महिला से पूछताछ

600
SHARE

कुरुक्षेत्र।

वारिस पंजाब दे का चीफ और खालिस्तान सपोर्टर अमृतपाल सिंह को छठे दिन भी पंजाब पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस सूत्रों की मानें तो वह पंजाब से भाग गया है। पुलिस को उसके उत्तराखंड में होने का शक है। पंजाब से भागकर वह हरियाणा गया था। वह कुरुक्षेत्र जिले के शाहबाद में 19 और 20 मार्च को रुका था।

यहां वह जिस महिला के घर रुका था, पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस पता करने में जुटी है कि क्या महिला को अमृतपाल जानता था या महिला के घर वह जबरदस्ती घुसा था। वहीं पुलिस को महाराष्ट्र के नांदेड़ में अमृतपाल के छिपे होने के भी इनपुट मिले हैं। पंजाब पुलिस की टीमें वहां रेड करने के लिए रवाना हो गई हैं।

पंजाब के पड़ोसी राज्यों के अलावा उत्तराखंड में भी अमृतपाल के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। गुरुघरों की भी जांच की जा रही है। अमृतपाल के साथी तजिंदर सिंह उर्फ गोरखा बाबा को लुधियाना में गिरफ्तार किया गया है। वह अमृतपाल का गनर है।

पुलिस और खुफिया एजेंसियों को जांच के दौरान पता चला कि अमृतपाल को 158 विदेशी खातों से फंडिंग की जा रही थी। इनमें से 28 खातों से 5 करोड़ से ज्यादा की रकम भेजी गई थी। इन खातों का संबंध पंजाब के माझा और मालवा से है। अमृतसर, तरनतारन, बटाला, गुरदासपुर, जालंधर, नवांशहर, कपूरथला और फगवाड़ा के खातों का संबंध अमृतपाल से मिला है।

अमृतपाल सिंह की एक तस्वीर बुधवार को सामने आई है। इसमें वह शाहकोट की गली में नजर आया। पुलिस ज्यादा दूर नहीं थी। यह तब का वीडियो है, जब शाहकोट में पुलिस अमृतपाल का पीछा कर रही थी। पुलिस ने दो गाड़ियां जब्त की थीं और 7 लोगों को गिरफ्तार किया था। इससे थोड़ी ही दूरी पर अमृतपाल मर्सिडीज से उतर कर गली में घुसता दिखा था।

इसके अलावा एक और फोटो वायरल हो रही है। इसमें अमृतपाल ठेले पर बैठा नजर आ रहा है। तस्वीर जालंधर के गांव नंगल अंबिया की है। जहां अमृतपाल अपनी ब्रेजा कार को छोड़ मोटरसाइकिल पर फरार हुआ। मोटरसाइकिल बुधवार शाहकोट से तकरीबन 42 किमी दूर फिल्लौर-नूर महल रोड पर नहर के किनारे मिली।

अपने आस-पास की खबरे देखने के लिए हमारा youtube चैनल Subscribe करेSubscribe करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे https://www.youtube.com/bhiwanihulchal