भिवानी : हत्यारी पत्नी को 20 साल की जेल

987
SHARE

 भिवानी ।

कोर्ट ने हत्यारी पत्नी को 20 साल कैद की सजा सुनाई है। उसने प्रॉपर्टी हड़पने के लिए रस्सी से गला घोंट कर पति को मार डाला था। व्यक्ति ने पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से उसे दो बच्चे थे। मामले में पति की हत्या को हार्ट अटैक बताने का ड्रामा भी किया गया, लेकिन वह पुलिस से बच नहीं पायी। अक्टूबर 2022 से इस मामले की सुनवाई सेशन जज दीपक अग्रवाल की कोर्ट में चल रही थी। जानकारी अनुसार तोशाम पुलिस थाना में संडोल गांव निवासी संजय ने शिकायत दी थी। उसने बताया था कि उसका निंगाना खुर्द निवासी उसके चचेरे भाई नरेंद्र की पहली पत्नी की 2016 में मौत हो गई थी। इसके बाद नरेंद्र ने सन्नी रानी उर्फ सन्नी के साथ दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से नरेंद्र को दो बच्चे भी थे।

पोस्टमार्टम में खुली पोल

3 अक्तूबर 2022 को नरेंद्र की घर पर ही संदिग्ध मौत हो गई थी। सन्नी ने उसे बताया कि उसके पति की मौत हार्ट अटैक से हुई है। इसके बाद तोशाम पुलिस थाना के जांच अधिकारी एसआई सुरेश कुमार ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के गले पर रस्सी से गला घोंटने के निशान की पुष्टि हुई थी।

सोते हुए घोंट दिया गला

पुलिस के जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने जब गहराई से तहकीकात की तो पता चला कि पत्नी सन्नी रानी ने ही अपने पति नरेंद्र की रस्सी से रात को सोते समय गला घोटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद रस्सी को भी उसने अपनी लोहे की अलमारी में छिपा दिया और फिर बेहोशी की हालत में पति को खुद ही नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची। उसने पति की मौत हृदय गति रुकने से बताया था। संदेह होने पर पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया था। पुलिस ने सन्नी रानी के खिलाफ अपने पति नरेंद्र की हत्या का केस दर्ज किया और उसे गिरफ्तार किया।

बोलीं- पति से तंग आ गई थी

तोशाम पुलिस थाना के जांच अधिकारी सुरेश कुमार की प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपने पति से तंग आ गई थी और प्रॉपर्टी हथियाने के लिए ही उसकी हत्या की साजिश रची और फिर रस्सी से गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया था। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयोग रस्सी भी बरामद की थी।

इसी मामले में भिवानी के सेशन जज दीपक अग्रवाल की अदालत ने दोषी महिला सन्नी रानी उर्फ सन्नी को 20 साल की कैद की सजा सुनाई है। तोशाम पुलिस थाना के सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार सैनी कुछ समय में ही पांच केसों की गहराई से तहकीकात कर आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें न्यायालय के सम्मुख पेश कर चुके हैं। सुरेश के पांच केसों में दोषियों को न्यायालय से 20-20 साल की सजा हुई है।

अपने आस-पास की खबरे देखने के लिए हमारा youtube चैनल Subscribe करेSubscribe करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे https://www.youtube.com/bhiwanihulchal