कांग्रेस ने शुरू की ‘मेरा घर, आपका घर’ मुहिम

167
SHARE

चंडीगढ़।

राहुल गांधी के समर्थन में हरियाणा कांग्रेस ने ‘मेरा घर, आपका घर’ मुहिम शुरू की है। इस मुहिम के तहत राहुल को कांग्रेसी नेता हरियाणा में रहने का न्योता दे रहे हैं। राज्य के हर जिले से नेता और कार्यकर्ता राहुल को अपने घर में रहने के लिए निमंत्रण पत्र भेजेंगे।

राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने के बाद उन्हें दिल्ली के 12 तुगलक लेन आवास को खाली करने का केंद्र सरकार के द्वारा नोटिस दिया गया है। हरियाणा से राहुल गांधी को भेजे जाने वाले निमंत्रण को कांग्रेसी नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग कर रहे हैं। हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज ने मुहिम के तहत राहुल गांधी को अपने घर में रहने का न्योता भेजा है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा है कि राहुल गांधी को सरकारी घर से निकाल सकते हैं, लेकिन लोगों के दिलों से नहीं। उन्होंने राहुल को गुरुग्राम में रहने का न्योता दिया है।

राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने पर हरियाणा कांग्रेस ने दिल्ली के साथ हरियाणा भर में गत रविवार को 7 घंटे सत्याग्रह किया। चंडीगढ़ में सत्याग्रह के दौरान पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने कहा कि हम इस फैसले से सहमत नहीं हैं, इसका पूरे हरियाणा प्रदेश में विरोध हो रहा है। चंडीगढ़ पार्टी मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष चौधरी उदयभान, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा सहित अन्य नेताओं ने शिरकत की।

हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। सरकार दबाव बनाने के लिए इस तरीके के कार्य कर रही है। केंद्र की सरकार चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, विपक्ष की आवाज को नहीं दबा पाएगी। उदयभान ने कहा कि विपक्ष का कोई भी नेता बोलता है तो ED- सीबीआई के जरिए डराया जाता है।

अपने आस-पास की खबरे देखने के लिए हमारा youtube चैनल Subscribe करेSubscribe करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे https://www.youtube.com/bhiwanihulchal