हरियाणा खेल विभाग में भरे जाएंगे 659 खाली पद

131
SHARE

चंडीगढ़।

हरियाणा सरकार खेल को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही खेल विभाग में भर्ती करने जा रही है। खेल विभाग में 659 खाली पड़े पदों को लेकर जल्द सरकार नोटिफिकेशन जारी करेगी। हालांकि इन पदों पर भर्तियां हरियाणा कौशल रोजगार निगम के जरिए की जाएंगी।

विभाग की ओर से पदों को भरने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को प्रस्ताव भेजा गया है। जूनियर महिला कोच के सैक्सुअल हैरेसमेंट केस से घिरे पूर्व ओलंपियन संदीप सिंह से खेल विभाग लेने के बाद अब CM खुद ही इसकी जिम्मेदारी देख रहे हैं।

खेल विभाग की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रस्ताव में हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से अनुबंध आधार पर 202 जूनियर कोच, 254 ग्रांऊडमैन तथा 203 चौकीदार-सह-माली-सह-सफाई कर्मचारी के पद शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा पंचकूला में स्थापित की जा रही खेल अकादमी के लिए भी एक प्रबंधक, 8 प्रमुख कोच, तीन खेल फिजियोथेरेपिस्ट, एक डाइटीशियन तथा एक साइकोलॉजिस्ट की भी मांग भेजी गई है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वर्ष 2023-24 के लिए खेल विभाग के बजट में बढ़ोत्तरी की है। 2022-23 में खेल विभाग के लिए 540.5 करोड़ रुपए बजट रखा गया था, जो इस बढ़ाकर 566.04 करोड़ रुपए कर दिया गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल कह चुके हैं कि राज्य में खेल को बढ़ावा देने के लिए किसी प्रकार से वित्तीय कमी को आड़े आने नहीं दिया जाएगा।

खेल विभाग में अब तक वर्ष 2023 तक 216 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी की नियुक्ति के लिए पेशकश की गई, जिनमें से 179 खिलाड़ियों ने नौकरी जॉइन की है। 2013-14 में केवल 41 खिलाड़ियों को ही नौकरी दी गई थी। राज्य में 1100 खेल नर्सरियां संचालित हैं। इसके अलावा, 24 आवासीय अकादमियां खोलने का भी प्रस्ताव है, जिनमें 600 एथलीट, 12 खेलों की सुविधाएं दी जाएंगी। इन आवासीय अकादमियों में प्रत्येक खिलाड़ी को 400 रुपए प्रतिदिन खुराक भत्ता दिया जाएगा। खेल विभाग देख रहे हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के खिलाडिय़ों के राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन को देखते हुए अधिकारी हर प्रकार की खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।

अपने आस-पास की खबरे देखने के लिए हमारा youtube चैनल Subscribe करेSubscribe करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे https://www.youtube.com/bhiwanihulchal