हिसार दूरदर्शन केंद्र को बंद किया जाना हरियाणा से सीधा कुठाराघात – सुरजेवाला

169
SHARE

 

चंडीगढ़,  कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हिसार दूरदर्शन केंद्र को बंद किए जाने पर केंद्र और प्रदेश सरकार की कड़े शब्दों में आलोचना करते हुए इसे प्रदेश के लोगों से कुठाराघात बताया है।

सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार प्रदेश के लोगों पर लगातार प्रहार कर रही है, मगर हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार न केवल हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है, वहीं केंद्र सरकार के हर गलत फ़ैसले को मूक समर्थन देकर उन्हें सहयोग कर रही है। पिछले सात-आठ सालों में हरियाणा में एक भी नई रेल लाइन शुरू नहीं हुई, न ही कोई बड़ी केंद्रीय परियोजना आई है और अब पहले से चल रहे हिसार दूरदर्शन केन्द्र को बंद करके प्रदेश की संस्कृति पर हमला किया जा रहा है। श्री सुरजेवाला ने कहा कि हिसार दूरदर्शन हरियाणा प्रदेश की एक विशिष्ट पहचान है और यह सरकार हरियाणा की इस पहचान को भी खत्म करना चाहती है। इस केंद्र के निदेशक का तबादला कर दिया गया है और बाकी अधिकारियों को भी चंडीगढ़ भेजा जा रहा है। केंद्र सरकार हिसार स्थित दूरदर्शन केंद्र को चंडीगढ़ के दूरदर्शन केंद्र में विलय करने का फ़ैसला लेकर प्रदेश की कला, संस्कृति व साहित्य पर भी सीधा हमला बोल रही है, पर हरियाणा के भाजपा नेताओं के मुँह में दही जमी हुई है। इस प्रकरण पर हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की चुप्पी तो और भी शर्मनाक है।

सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा के लेखकों व कलाकारों की प्रस्तुतियों को पूरा विश्व इस दूरदर्शन केन्द्र के माध्यम से देखता आया है अब इसे केवल एक प्रसारण केंद्र में बदला जा रहा है। प्रदेश के किसानों को भी इसके माध्यम से बड़ा फायदा होता था और वे इस केंद्र के कृषि कार्यक्रमों का लाभ उठाते थे।

सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार के हरियाणा की पहचान को मिटाने वाले इस फैसले का पुरजोर तरीके से विरोध करते हुए इस ग़लत फ़ैसले को वापस लेने पर मजबूर करेगी।

अपने आस-पास की खबरे देखने के लिए हमारा youtube चैनल Subscribe करे

Subscribe करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे https://www.youtube.com/bhiwanihulchal