3 कपल्स को एसिड वाला माउथ फ्रेशनर खिलाया,रेस्टोरेंट संचालक फरार

1064
SHARE

गुरुग्राम।

गुरुग्राम के रेस्टोरेंट में माउथ फ्रेशनर खाने से 5 लोगों की तबीयत बिगड़ने के मामले में पुलिस ने रेस्टोरेंट के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। रेस्टोरेंट संचालक अभी फरार है। मंगलवार को मानेसर के ACP सुरेंद्र सुरेन जांच के लिए रेस्टोरेंट पहुंचे तो वह बंद मिला। पुलिस ने सभी दरवाजे चेक किए, लेकिन लॉक मिले। पुलिस को शक है कि घटना के बाद रेस्टोरेंट संचालक ताला लगाकर फरार हो गया है। दरअसल, सोमवार (4 मार्च) को 3 दंपती गुरुग्राम के सेक्टर 90 स्थित सफायर 90 ला फॉरेस्टा रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। यहां पर अंकित, उसकी पत्नी नेहा, मानिक, उसकी पत्नी प्रीतिका और दीपक अरोड़ा ने अपनी पत्नी हिमानी के साथ रेस्टोरेंट में खाना खाया। खाना खत्म होने के बाद रेस्टोरेंट की महिला वेटर अमृतपाल कौर ने उन्हें माउथ फ्रेशनर ऑफर किया।

अंकित को छोड़ कर बाकी 5 लोगों ने माउथ फ्रेशनर खा लिया। इसके बाद उनके मुंह में जलन होने लगी। मुंह से खून आया और उल्टी लग गईं। तबीयत ज्यादा खराब होने लगी तो उन्होंने जबरदस्ती जोर देकर वेटर से पूछा की हमें क्या खिला दिया। इस पर वेटर ने पॉलिथीन का पैकेट खुला हुआ सामने रख दिया। इसके बाद सभी को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां 5 में से 2 की हालत गंभीर है। पुलिस ने अंकित के बयान पर केस दर्ज किया है। डॉक्टरों का दावा है कि कपल्स को माउथ फ्रेशनर के नाम पर ड्राई आइस (एसिड) दी गई, जोकि जहरीली थी। अंकित ने बताया कि तबीयत खराब होने के बावजूद रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने उनकी कोई मदद नहीं की। उन्होंने खुद 100 नंबर पर फोन कर पुलिस बुलाई। वे लोग एंबुलेंस आने का इंतजार करते रहे। बाद में सभी को प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया।

गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में रेस्टोरेंट के मैनेजर गगनदीप को गिरफ्तार किया है। पता चला है कि गगनदीप पर ही रेस्टोरेंट को संभालने का जिम्मा था। वह दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस को रेस्टोरेंट के संचालक की भी तलाश है, लेकिन अभी वह फरार है। डॉक्टर को जब वेटर द्वारा दिया गया पैकेट दिखाया गया तो उन्होंने बताया कि यह ड्राई आइस है। यह एक तरह का जानलेवा एसिड है, जिसके सेवन से जान भी जा सकती है।

अपने आस-पास की खबरे देखने के लिए हमारा youtube चैनल Subscribe करे ubscribe करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे https://www.youtube.com/bhiwanihulchal